Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मौसम का उलटफेर: होली से पहले बढ़ेगी चिलचिलाती गर्मी, दिल्ली-यूपी में टूटा तापमान का रिकॉर्ड

देश भर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. जहां एक तरफ दिल्ली, यूपी और मध्य प्रदेश में फरवरी के अंत में ही अप्रैल जैसी गर्मी ने दस्तक दे दी है और पारा 30 से 35 डिग्री के पार पहुंच चुका है, वहीं पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी है.

Today Weather

Today Weather: फरवरी का महीना जैसे-जैसे विदा ले रहा है, मौसम अपना मिजाज पूरी तरह बदल रहा है. कहीं गर्मी ने अप्रैल जैसे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, तो कहीं पहाड़ों पर अभी भी बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है. पूरे देश में मौसम का यह ‘अतरंगी’ खेल चल रहा है, जिसे समझना थोड़ा मुश्किल हो गया है. आइए, जानते हैं कि आपके शहर और राज्य में अगले कुछ दिनों में मौसम का क्या हाल रहने वाला है.

देशभर में चक्रवाती हवाओं का असर

मौसम विभाग की मानें तो इस वक्त देश के अलग-अलग हिस्सों में कई चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र (Cyclonic circulations) सक्रिय हैं. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी से लेकर असम, गुजरात तट, आंतरिक कर्नाटक, राजस्थान और यहां तक कि मध्य पाकिस्तान तक कई जगह ये सिस्टम बने हुए हैं. साथ ही, तमिलनाडु से महाराष्ट्र तक एक ‘ट्रफ’ रेखा गुजर रही है. यही कारण है कि अंडमान-निकोबार, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है. अगले 24 घंटों में भी दक्षिण के इन इलाकों और पहाड़ी राज्यों में मौसम में हलचल बनी रहेगी.

दिल्ली-NCR और UP: गर्मी ने पकड़ी रफ्तार

दिल्ली और एनसीआर में तो मानो होली से पहले ही अप्रैल आ गया हो. फरवरी का आखिरी हफ्ता है और पारा 30 डिग्री के पार निकल चुका है. मौसम विभाग का अनुमान है कि होली तक यह 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, यानी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी. उत्तर प्रदेश का भी यही हाल है. दिन में चिलचिलाती धूप परेशान कर रही है, हालांकि सुबह-शाम की हल्की गुलाबी ठंड अभी भी बरकरार है. लखनऊ से लेकर अन्य शहरों तक दोपहर का तापमान 31 डिग्री के आसपास बना हुआ है.

बिहार

बिहार के लोगों के लिए मौसम विभाग ने अच्छी खबर दी है. अगले एक हफ्ते तक राज्य में बारिश या आंधी-तूफान के कोई आसार नहीं हैं. मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और आसमान साफ बना रहेगा. पटना, गया, नालंदा और बेगूसराय जैसे जिलों में तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. ठंड लगभग विदा ले चुकी है, लेकिन दिन की तेज धूप के बीच बाहर निकलते समय पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी गई है.

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में फरवरी के अंत में गर्मी ने कड़े तेवर दिखाए हैं. खंडवा और खरगोन जैसे शहरों में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जो आमतौर पर अप्रैल में देखने को मिलता है. हालांकि, पचमढ़ी और शहडोल जैसे इलाकों में रातें अभी भी ठंडी हैं. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 2 मार्च से एक नया ‘वेस्टर्न डिस्टरबेंस’ सक्रिय होगा, जिससे उत्तर प्रदेश और एमपी के उत्तरी हिस्सों में फिर से हल्की बारिश हो सकती है.

पहाड़ों का हाल

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं. वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लिए अगले 4 दिनों तक बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. अगर आप पहाड़ों की यात्रा पर निकलने की सोच रहे हैं, तो मौसम का अपडेट जरूर चेक कर लें.

ये भी पढ़ें: “क्या पता मैं दूर चली जाऊं और वो मुझे ढूंढने लगे…” डायरी में अधूरा प्यार और आंखों में आंसू छोड़ गई यूट्यूबर

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital