Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

सीमावर्ती गांवों का विकास और 932 नई भर्तियां: अरुणाचल दौरे से अमित शाह ने दिया सुरक्षा व रोजगार का संदेश

अरुणाचल दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू, चौना मीन और किरेन रिजिजू के साथ कानून-व्यवस्था व आंतरिक सुरक्षा की बैठक की, जिसमें नवीन न्याय संहिताओं को लागू करने और सीमावर्ती गांवों के विकास पर जोर दिया गया.

Amit Shah Reviews Arunachal Internal Security Hands Over Appointment Letters To 932 Recruits In Banderdewa

तीन दिवसीय दौरे पर अरुणाचल प्रदेश पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को राज्य की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और सीमा प्रबंधन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उपमुख्यमंत्री चौना मीन, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिसिंग व सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई. इस दौरान गृह मंत्री ने ‘नवीन न्याय संहिताओं’ को प्रभावी तरीके से लागू करने, राज्य व केंद्रीय एजेंसियों का तालमेल बढ़ाने, नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और सीमावर्ती गांवों के विकास को गति देने के निर्देश दिए.

बांदेरदेवा में 932 नवनियुक्त कर्मियों को मिले नियुक्ति पत्र

सुरक्षा समीक्षा बैठक से पहले अमित शाह ने ईटानगर के पास बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी के कार्यक्रम में 932 नवचयनित कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे.

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए जानकारी दी कि ये भर्तियां छह श्रेणियों में हुई हैं, जिनमें स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (STPF) के 243 कर्मी, इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) के 235 कांस्टेबल, सिविल पुलिस के 211 पुरुष व 157 महिला कांस्टेबल, 72 फायरमैन और अरुणाचल राइफल्स की IRB के 14 बैंड कांस्टेबल शामिल हैं. सीएम खांडू ने खुद नियुक्ति पत्र बांटने के लिए गृह मंत्री का आभार जताया और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

पुलिस तंत्र को मजबूती, युवाओं को नए अवसर

समारोह में उपमुख्यमंत्री चौना मीन, राज्य के गृह मंत्री मामा नतुंग और डीजीपी राजेश कुमार भी मौजूद थे. उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने कहा कि गृह मंत्री की मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ी और इस भर्ती अभियान से सुरक्षा बलों को ताकत मिलने के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिले हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि नए कर्मी अनुशासन और ईमानदारी से राज्य की सेवा करेंगे.

यह भी पढ़ें: ‘2014 के बाद बदली पूर्वोत्तर की तस्वीर’: गृह मंत्री अमित शाह ने मोदी सरकार को दिया श्रेय

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism