Chamoli Hydro Project Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगढ़–पीपलकोटी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट साइट पर बुधवार को बड़ा हादसा हो गया. टीएचडीसी (THDC) परियोजना की सुरंग के भीतर मजदूरों को कार्य वाले स्थान तक ले जाने वाली दो लोको ट्रेनें टकरा गईं. टक्कर इतनी तेज थी कि सुरंग में अफरा-तफरी मच गई और 60 मजदूर घायल हो गए.
शिफ्ट बदलने के दौरान हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना उस समय हुई जब मजदूरों की शिफ्ट बदल रही थी. प्रोजेक्ट साइट पर चलने वाली इंटर्नल ट्रांसपोर्ट ट्रेनों में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे. अचानक दो ट्रेनें आमने-सामने आ गईं और टकरा गईं. टक्कर के झटके से ट्रेन के भीतर बैठे और खड़े मजदूर गिर पड़े, जिससे कई लोगों को फ्रैक्चर और चोटें आईं.
चमोली एसपी ने क्या बताया?
चमोली के एसपी सुरजीत सिंह ने बताया कि हादसे में घायल हुए 42 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 4-5 को फ्रैक्चर हुआ है. वहीं, 17 मजदूरों को पिपलकोटी के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती किया गया है. प्रशासन और पुलिस बल दोनों अस्पतालों में मौजूद हैं और घायलों की देखभाल की जा रही है.
ये भी पढ़ें-उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, मौसम विभाग ने दी शीतलहर और बर्फबारी की चेतावनी
जिलाधिकारी का क्या कहना है?
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हादसे के समय ट्रेन में कुल 109 लोग सवार थे, जिनमें से 60 घायल हुए. सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है. उन्होंने कहा कि एक ट्रेन मजदूरों को लेकर जा रही थी और दूसरी ट्रेन सामग्री लेकर आ रही थी तभी दोनों सुरंग के भीतर टकरा गईं.
ये भी पढ़ें-स्वच्छता में नंबर-1 इंदौर की ‘गंदी’ हकीकत! दूषित पानी ने ली 7 की जान, 100 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



