Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली के मौसम ने बदला रंग: एनसीआर में पारा 40 के नीचे लुढ़का, क्या हो गई है मानसून की एंट्री?

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार शाम को मौसम ने अचानक करवट लेली है, जिसने 41 डिग्री की झुलसाने वाली गर्मी और भयंकर उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में मानसून की वास्तविक एंट्री 2 से 3 जुलाई के बाद ही होगी.

Delhi NCR Weather Rain Brings Relief From Heat, Monsoon After July 2

Delhi NCR Weather Update: पिछले कई दिनों से भट्टी की तरह तप रही दिल्ली (Delhi) में आज अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है. आसमान में काले-घने बादल छाए और देखते ही देखते कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई. इस बारिश और ठंडी हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) वालों को पिछले कई दिनों से परेशान कर रही भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से पल भर में निजात दिला दी.

41 डिग्री का टॉर्चर और 50 डिग्री वाला अहसास

सोमवार दोपहर तक दिल्ली (Delhi Weather) में गर्मी का बेहद क्रूर रूप देखने को मिल रहा था. दिन के समय पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार निकल गया था, जो उमस के चलते 50.7 डिग्री सेल्सियस जैसी जानलेवा तपन का अहसास करा रहा था. लेकिन इस चिपचिपी और पसीना छुड़ाने वाली उमस के बीच शाम होते-होते कुदरत मेहरबान हो गई. तेज हवाओं और पारे के लुढ़ककर 40 डिग्री से नीचे आने से मौसम बेहद सुहावना हो गया.

ये भी पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट: जानिए किस सदस्य के पास क्या पावर और कौन संभालता है क्या जिम्मेदारी, चढ़ावा रखने की कैसी व्‍यवस्‍था

क्या दिल्ली में आ गया मानसून?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, ये सिर्फ प्री-मानसून एक्टिविटी है और दिल्ली में मानसून की असली एंट्री में अभी थोड़ा वक्त है. मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि 2 जुलाई से दिल्ली के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा. शनिवार तक दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में बारिश का दौर जारी रह सकता है.

वहीं, मौसम विशेषज्ञों का साफ कहना है कि 2 और 3 जुलाई के बाद ही दिल्ली में मानसून (Monsoon) की झमाझम और नियमित बारिश शुरू होगी, जिसके बाद ही लोगों को इस तपती गर्मी से परमानेंट राहत मिल पाएगी.

ये भी पढ़ें: शहनाई बजते-बजते बज गई लाठियां: बिहार के बेगुसराय में डीजे पर हुआ विवाद, दूल्हे ने सात फेरे से किया मना

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read