Gujarat drug case
Gujarat drug case: गुजरात एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल ने मिलकर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. यह कार्रवाई मुंद्रा के पास समुद्री क्षेत्र में की गई, जहां एक मालवाहक जहाज से करीब 118.977 किलो कोकीन बरामद की गई. जांच एजेंसियों के मुताबिक यह खेप ब्राजील से लाई जा रही थी और इसे आगे भारत के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाने की योजना थी.
समंदर में फेंके गए ड्रग्स के बैग
सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जहाज “यूरोप” पर नजर रखी. जैसे ही टीम जहाज के करीब पहुंची, तस्करों ने पकड़े जाने के डर से ड्रग्स से भरे बैग समुद्र में फेंक दिए. कोस्ट गार्ड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पानी में तैरते हुए पांच बैग बरामद किए, जिनमें कुल 115 पैकेट कोकीन थे.
टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहे थे तस्कर
जांच में यह भी सामने आया कि तस्करों ने ड्रग्स की लोकेशन ट्रैक करने के लिए बैग के अंदर चार ‘Apple AirTags’ छिपाए थे. इसके अलावा जहाज से दो गार्मिन सैटेलाइट कम्युनिकेटर भी जब्त किए गए हैं, जिससे यह साफ होता है कि पूरा नेटवर्क हाई-टेक तरीके से काम कर रहा था.
विदेशी नागरिक गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
जहाज के मोटर रूम में ड्रग्स छिपाने के आरोप में तंजानिया के नागरिक जुमा नासिर उमर को गिरफ्तार किया गया है. वहीं उसका एक साथी न्गिंगीते नासोरो जुमाने समुद्र में कूदकर भाग गया, जिसकी तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी की सलाह पर बड़ा कदम, काफिला छोड़ ऑटो-रिक्शा में दिखे बीजेपी सांसद; सोशल मीडिया पर छाए मनोज तिवारी
दिल्ली तक फैला नेटवर्क
इस पूरे मामले में दिल्ली कनेक्शन भी सामने आया है. जांच एजेंसियों ने द्वारका इलाके से दो मुख्य रिसीवर्स को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान केल्विन चुकुमा (नाइजीरिया) और बयारुहंगा जेम्स (युगांडा) के रूप में हुई है. ये लोग ड्रग्स की डिलीवरी संभालने वाले थे. एटीएस के डीजीपी के एल एन राव ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


