रेल यात्रियों की सुविधाओं का ख्याल रखते हुए भारतीय रेल ने तीन और राज्यों को वंदे भारत की सौगात दी. ये एक्सप्रेस दौड़ेगी श्री वैष्णो देवी कटरा से अमृतसर, अजनी (नागपुर) से पुणे और बेलगावी से बंगलौर.
पीएम मोदी ने रविवार को केएसआर बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से इन तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. बेंगलुरु–बेलगावी ट्रेन का शुभारंभ पीएम ने खुद किया, जबकि बाकी दो ट्रेनों को वर्चुअल तरीके से लॉन्च किया गया.
इस मौके पर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डी शिवकुमार और केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहे.
भारत में अब कुल 150 वंदे भारत ट्रेन
इन ट्रेनों के लॉन्च के साथ देश में अब वंदे भारत ट्रेनों की कुल संख्या 150 हो गई है. अकेले कर्नाटक की बात करें तो 11 वंदे भारत एक्सप्रेस इस राज्य में चल रही है. बेलगावी तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन बेंगलुरु के आठ जिलों को कवर करेगी. यह हफ्ते में छह दिन चलेगी. यह कर्नाटक की 11वीं वंदे भारत ट्रेन है. इसके रास्ते में तुमकुरु, दावणगेरे, हावेरी, हुबली और धारवाड़ जैसे अहम शहर आएंगे.
यह वंदे भारत ट्रेन मौजूदा ट्रेनों के मुकाबले, सफर का समय बचाएगी. KSR बेंगलुरु से बेलगावी जाने में करीब 1 घंटा 20 मिनट और बेलगावी से KSR बेंगलुरु लौटने में करीब 1 घंटा 40 मिनट का वक्त कम होगा. इस ट्रेन की स्पेशल इनॉगुरल सर्विस (Train No. 06575) KSR बेंगलुरु से सुबह 11:15 बजे चलेगी और उसी दिन शाम 8:00 बजे बेलगावी पहुंचेगी. AC चेयर कार का किराया ₹1,575 और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का ₹2,905 तय किया गया है.
कटरा–अमृतसर के लिए छह दिन चलेगी वंदे भारत
कटरा–अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस हफ्ते में छह दिन चलेगी. मंगलवार को नहीं चलेगी. ये ब्यास, जालंधर सिटी, पठानकोट कैंट और जम्मू तवी पर ट्रेन रुकेगी. इस वंदे भारत में एसी चेयर कार का किराया ₹1,170 और एग्जीक्यूटिव चेयर 2,085 है. ट्रेन नंबर 26406 श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से सुबह 6:40 बजे चलेगी और दोपहर 12:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 26405 अमृतसर से शाम 4:25 बजे निकलेगी और रात 10:00 बजे कटरा पहुंचेगी.
अजनी (नागपुर)–पुणे वंदे भारत 881 किमी का सफर 12 घंटे में तय करेगी, जो इस रूट की सबसे तेज ट्रेन होगी. इसमें 10 स्टॉपेज होंगे- वर्धा, बडनेरा, अकोला, शेगांव, भुसावल, जलगांव, मन्माड, कोपरगांव, अहमदनगर और दौंड कॉर्ड लाइन. ये ट्रेन सोमवार और मंगलवार को नहीं चलेगी.
पुणे–अजनी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 26101 पुणे से सुबह 6:25 बजे रवाना होगी और उसी दिन शाम 6:25 बजे अजनी पहुंचेगी. वहीं, अजनी–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 26102 12 अगस्त 2025 से अजनी से सुबह 9:50 बजे चलेगी और रात 9:50 बजे पुणे पहुंचेगी.
समय की बचत के साथ मिलेगी बेहतर सुविधा
इन तीनों वंदे भारत ट्रेनों का संचालन केंद्र सरकार की उस योजना का हिस्सा है, जिसके तहत भारतीय रेल को आधुनिक, तेज और आरामदायक बनाया जा रहा है. अब यात्रियों को न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि बेहतर सुविधाओं के साथ सफर का अनुभव भी मिलेगा. केंद्र सरकार का लक्ष्य 3 सालों में 200 वंदे भारत और चलाने का है. साथ ही नई वंदे भारत और आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस है.
ये भी पढ़े: चेन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग, दिल्ली जा रही Air India फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 5 सांसद थे सवार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
