रिपोर्ट- अरविन शर्मा
Gujarat News: गुजरात के जूनागढ़ में शेरनी के हमले में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई. हमले के समय बच्चा खेत में खेल रहा था. तभी फसलों के बीच से शेरनी निकल आई और बच्चे पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. शेरनी के इस हमले की खबर सुनकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है.
यह पूरा मामला जूनागढ़ के विसावदर के नानी मोणपरी गांव का है. जहां खेत में 4 साल का एक मासूम बच्चा शिवम सैलेशभाई पारगी खेल रहा था. तभी अचानक से तुअर की फसल में छिपी बैठी शेरनी बाहर निकली और बच्चे को दबोच ली. जानकारी के मुताबिक शेरनी ने बच्चे को 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई. जिसकी वजह से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.
वन विभाग ने बरामद किया शव
शेरनी के हमले की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी. मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने खेत से बच्चे के शव को बरामद कर लिया. जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल भेज दिया और वनकर्मी शेरनी की तलाश में जुट गए. शेरनी को ट्रांज्युलाइज करने की कोशिश के दौरान शेरनी मौके से फरार हो गई है.
वन विभाग के प्राथमिक अनुमान के मुताबिक शेरनी ने बच्चे के शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाई. जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- करौली दंगे का गुनहगार अमीन खान शिकंजे में, अब संपत्ति जमींदोज करने की तैयारी; प्रशासन का कड़ा अल्टीमेटम
एक वनकर्मी गोली लगने से घायल
स्थानीय वन विभाग ने इसकी जानकारी सासण गिर की विशेष टीम को भी दे दी. जिसके बाद सासण गिर वन विभाग की विशेष टीम भी शेरनी को पकड़ने के अभियान में जुट गई थी. इसी बीच हमलावर शेरनी की तलाश कर रहे वन कर्मियों की गोली से एक वनकर्मी अशरफभाई घायल हो गया. जिसको भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं शेरनी अभी भी वन विभाग की टीम के हाथों से बाहर है, जिसे पकड़ने का अभियान चलाया गया है. शेरनी के हमले को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है. वन विभाग ने सभी को सावधानी बरतने की अपील की है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

