Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

Kanpur: किसान आत्महत्या कांड में पुलिस का खुलासा- BJP नेता ने हड़पी थी 6 करोड़ की जमीन, अब गिरफ्तार किया गया खरीददार व्यापारी

कानपुर में भाजपा नेता प्रियरंजन आशु दिवाकर पर किसान बाबू सिंह कुशवाहा को धोखा देकर उसकी करोड़ो की जमीन को हथिया लेने का आरोप लगा है. इस मामले में किसान की पत्नी ने मामला दर्ज कराया है.

फोटो-सोशल मीडिया

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Kanpur News Toady: उत्तर प्रदेश के कानपुर में 9 दिन पहले एक किसान द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है. एक सियासी पार्टी के नेता पर आरोप है कि उसने किसान की 6 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत की जमीन के बदले में किसान को फर्जी चेक दिया था. इसी का अहसास होने के बाद किसान ने आत्महत्या कर ली थी तो वहीं किसान से जमीन हड़पकर नेता ने एक व्यापारी के हाथ बेच दी थी. इस मामले में किसान की पत्नी ने बीजेपी नेता दिवाकर समेत 6 लोगों के खिलाफ जमीन हड़पने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने की शिकायत दर्ज कराई है.

सूत्रों के मुताबिक, कानपुर में भाजपा नेता प्रियरंजन आशु दिवाकर ने किसान बाबू सिंह कुशवाहा को धोखा देकर उसकी करोड़ो की जमीन को हथिया लिया था. किसान की छह करोड़ रुपये की जमीन थी, जिसके बदले में भाजपा नेता ने उसे फर्जी चेक देकर जमीन के कागजात अपने नाम करवा लिए थे और फिर जमीन को एक व्यापारी को बेच दिया था. जानकारी सामने आ रही है कि, जब किसान को ठगी का अहसास हुआ तो उसने परेशान होकर आत्महत्या कर ली. इस मामले में पुलिस ने नौ दिन बाद कार्रवाई करते हुए जमीन खरीदने वाले व्यापारी राहुल जैन को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है.

तो दूसरी ओर इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 12 विधायकों की एक टीम को किसान बाबू सिंह के घर पर भेजा था, जिन लोगों ने किसान के परिवार से मुलाकात की थी और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी. तो वहीं पुलिस अभी तक मुख्य आरोपी बीजेपी नेता दिवाकर को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. बता दें कि इस मामले में जो खबर सामने आई है, उसके अनुसार भाजपा नेता दिवाकर ने किसान से 25 लाख रुपये में 6 करोड़ की जमीन का एग्रीमेंट पत्नी और साले के नाम कराया था और फिर किसान को 6 करोड़ 20 लाख का चेक दिया था लेकिन बाद में ये कहकर चेक वापस ले लिया था, कि उसमें कुछ गड़बड़ है और दूसरी चेक देने की बात कही थी, लेकिन काफी वक्त तक दूसरी चेक नहीं दी और न ही कोई पैसा तो किसान ने खुद को ठगा महसूस किया और फिर परेशान होकर आत्महत्या कर ली.

ये भी पढ़ें- कनाडा को आतंकियों के लिए नया ‘पाकिस्तान’ बना रहे ट्रूडो?

जांच में सामने आया चेक का सच

इस पूरे मामले में जॉइंट कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने मीडिया को जानकारी दी कि, शासन से निर्देश मिलने के बाद से ही वह खुद इस पूरी घटना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि, जांच में पाया गया है कि, किसान को 6 करोड़ 20 लाख का जो चेक दिया गया था वो फर्जी था, जो कि बाद में ले लिया गया था. अब पुलिस पता लगा रही है कि, ये चेक किसके अकाउंट से दिया गया था. ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि, पुलिस ने इस मामले में राहुल जैन को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं.

भाजपा नेता की पत्नी का भी नहीं है कहीं अता-पता

वहीं खबर मिली है कि, भाजपा नेता की पत्नी कहां है, इसका भी अता-पता किसी को नहीं है. सूत्रों की मानें तो बीजेपी नेता प्रियरंजन आशु दिवाकर ने मैनपुरी से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था और उसकी पत्नी कानपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर है. जानकारी सामने आई है कि, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से वो भी गायब है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital