Ccs meetings inside pictures. (फोटो: महिमा कटारिया, भारत एक्सप्रेस)
Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने देश को झकझोर दिया है. इस हमले में अब तक 28 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं. हमले के दौरान आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया, जिससे पूरे देश में रोष का माहौल है.
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई CCS मीटिंग
आतंकी हमले के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की आपात बैठक बुलाई गई. इस मीटिंग में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल शामिल रहे. गृहमंत्री शाह बैठक में लाल रंग की फाइल के साथ पहुंचे, जो सुरक्षा रणनीति से जुड़ी गंभीरता को दर्शाती है.
कश्मीर में सेना और सुरक्षाबलों की कार्रवाई
आतंकी हमले के बाद सेना और सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है. दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच एनकाउंटर जारी है, जबकि बारामूला में LOC के पास घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया है. भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है.
लश्कर-ए-तैयबा के TRF ने कबूला गुनाह
लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन ‘द रजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले में 5 आतंकी शामिल थे—2 स्थानीय और 3 पाकिस्तानी. सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए हैं, जिनकी पहचान आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि इस हमले का मास्टरमाइंड सैफुल्लाह खालिद है, जो लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी चीफ है और फिलहाल पाकिस्तान में है.
पहलगाम आतंकी हमले के बाद दक्षिण कश्मीर के विभिन्न इलाकों से दर्जनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़िए: परिजनों से मिलकर भावुक हुए अमित शाह, बोले- मासूम लोगों को मारने वाले आतंकियों को छोड़ेंगे नहीं
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
