चंदौली में अराजक तत्वों ने खंडित कीं देवी-देवताओं की मूर्तियां (इमेज- Bharat Express)
Chandauli Temple Idol Vandalism: एक तरफ जहां लोग भगवान के दर पर सुख-शांति और आशीर्वाद मांगने पहुंचते हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ असामाजिक तत्वों ने मंदिर को ही अपना निशाना बना लिया. चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र स्थित मैनपुर गांव से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां असामाजिक तत्व बेहद घिनौनी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
दरअसल रोजमर्रा की तरह सुबह-सुबह ग्रामीण मैनपुर गांव के स्थानीय मंदिर में करने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. मंदिर परिसर में स्थापित भगवान गणेश और भगवान शिव की पवित्र प्रतिमाएं बुरी तरह खंडित पड़ी हुई थीं. उपद्रवियों ने ईंट और पत्थरों से हमला करके मूर्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया था.

थोड़ी ही देर में यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई. मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. अपने आराध्य देवों का ऐसा अनादर देखकर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.
शराबियों पर शक की सुई
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आए दिन देर रात तक पियक्कड़ और अराजक तत्व जमावड़ा लगाते हैं. ये लोग शराब के नशे में धुत होकर हुड़दंग मचाते हैं और माहौल खराब करते हैं. ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि देर रात शराब के नशे में धुत इन्हीं असामाजिक तत्वों ने इस नीच हरकत को अंजाम दिया है.

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही बबुरी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस बल के साथ आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया.
ये भी पढ़ें- अफसर की मूंछ छोटी पड़ी तो अखिलेश ने मंच पर बुलाया, जानिए यूपी में क्यों गरम हुआ सियासी पारा
ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने उन्हें शांत कराते हुए आश्वासन दिया है कि इस घिनौनी करतूत को अंजाम देने वाले दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हुड़दंगियों की पहचान करने में जुटी है. ग्रामीणों की मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए.
चंदौली से भारत एक्सप्रेस के लिए अविनाश तिवारी की रिपोर्ट
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


