Ghaziabad Fire: सोनु/गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक अंबेडकर रोड पर रविवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यहां स्थित तुराब नगर बाजार के पास एक इमारत में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते पूरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया. राहत की बात यह रही कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं और दमकलकर्मियों ने अपनी मुस्तैदी से समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया.
HDFC के ठीक ऊपर भड़की आग
यह हादसा जिस इमारत में हुआ, उसके ग्राउंड फ्लोर (भूतल) पर एचडीएफसी (HDFC) बैंक की मुख्य शाखा है. आग रविवार रात करीब 10:30 बजे बैंक के ठीक ऊपर यानी पहली मंजिल पर बने एक निजी दफ्तर में लगी. रात का समय होने के कारण दफ्तर बंद था, लेकिन खिड़कियों से निकलती आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आस-पास के लोगों के होश उड़ गए.
आग इतनी भयानक थी कि दफ्तर के साथ-साथ बाहर छज्जे पर लगे बड़े-बड़े साइन बोर्ड भी धू-धू कर जलने लगे. नीचे बैंक होने की वजह से सुरक्षा को लेकर भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.
दमकलकर्मियों की मुस्तैदी से टला बड़ा नुकसान
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल पाल ने बताया कि रात साढ़े दस बजे जैसे ही कंट्रोल रूम को आग की भनक लगी, बिना वक्त गंवाए कोतवाली फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. दमकलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले आग को नीचे ग्राउंड फ्लोर पर बने बैंक तक पहुंचने से रोका.
इसके बाद कड़ी मशक्कत करते हुए कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि असल कारणों का पता लगाने के लिए मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
ये भी पढ़ें: हरदोई में ऑनर किलिंग,बेटी की पीट-पीटकर हत्या; सांप के काटने और आत्महत्या का बनाया झूठा ड्रामा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




