भारत के मुख्य न्यायधीश (CJI) संजीव खन्ना की अध्यक्षता में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मद्रास हाईकोर्ट के चार अतिरिक्त न्यायाधीशों को स्थायी बनाने की सिफारिश की है. यह सिफारिश 20 फरवरी 2025 को आयोजित बैठक में की गई. कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति रामासामी शक्तिवेल, न्यायमूर्ति पी धनबल, न्यायमूर्ति चिन्नासमी कुमारप्पन और न्यायमूर्ति कंडासामी चंद्रशेखर को मद्रास हाईकोर्ट के स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति का प्रस्ताव रखा. इस कदम से मद्रास हाईकोर्ट के सुचारू संचालन और न्यायपालिका को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है.
बॉम्बे हाईकोर्ट और पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति
इसके अतिरिक्त, कॉलेजियम ने बॉम्बे हाईकोर्ट के तीन अतिरिक्त न्यायाधीशों को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी भी दी. इन न्यायाधीशों में न्यायमूर्ति शैलेन्द्र प्रमोद ब्रह्यो, न्यायमूर्ति फिरदौस फुरोज पुनीवाला और न्यायमूर्ति जितेंद्र शांतिलाल जैन शामिल हैं. इसके साथ ही, बॉम्बे हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति मंजूषा अजय देशपांडे का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाने की सिफारिश की गई है.
पटना हाईकोर्ट के लिए नए न्यायधीशों की नियुक्ति
इसके अलावा, पटना हाईकोर्ट के लिए सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पांच नए न्यायधीशों की नियुक्ति को मंजूरी दी है. इनमें अधिवक्ता आलोक कुमार सिन्हा, रितेश कुमार, सोनी श्रीवास्तव, सौरेंद्र पांडे और अंशुल राज के नाम शामिल हैं.
इन नियुक्तियों से न्यायपालिका को मजबूत करने और हाईकोर्टों के संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


