Urdu Conclave 2026

तिरुवल्ला से तिरुवनंतपुरम तक एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, केरल के चुनावी रण में उतरेंगे पीएम मोदी

केरल विधानसभा चुनाव के लिए पीएम मोदी शनिवार को पथानामथिट्टा और तिरुवनंतपुरम का दौरा करेंगे. एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने के लिए प्रधानमंत्री जनसभा और भव्य रोड शो के जरिए अपनी ताकत दिखाएंगे.

pm-modi-kerala-visit-election-campaign-thiruvalla-thiruvananthapuram-roadshow

केरल विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखें जैसे-जैसे करीब आ रही हैं, सूबे का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. 9 अप्रैल को होने वाले मतदान से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने सबसे बड़े ‘स्टार प्रचारक’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैदान में उतार दिया है. शनिवार को पीएम मोदी केरल के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे, जहां वे मध्य केरल से लेकर राजधानी तक एनडीए के पक्ष में माहौल बनाएंगे. बीजेपी के रणनीतिकारों का मानना है कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा से न केवल कार्यकर्ताओं में जोश भरेगा, बल्कि तटस्थ मतदाताओं को भी पाले में लाने में मदद मिलेगी.

तिरुवल्ला में विशाल जनसभा

कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री के शनिवार के सफर की शुरुआत पथानामथिट्टा जिले से होगी. पीएम दोपहर करीब 3 बजे कोट्टायम के चांगनास्सेरी पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए तिरुवल्ला के सार्वजनिक स्टेडियम पहुंचेंगे.

यहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है, जिसमें पथानामथिट्टा और आसपास के निर्वाचन क्षेत्रों से एनडीए के तमाम दिग्गज उम्मीदवार और भारी संख्या में समर्थक जुटेंगे. राजनीतिक जानकारों की मानें तो मध्य केरल का यह इलाका चुनावी लिहाज से बेहद अहम है और पीएम मोदी का यहां आना विपक्षियों की धड़कनें तेज कर सकता है.

तिरुवनंतपुरम की सड़कों पर मेगा रोड शो

जनसभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री का काफिला केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम की ओर रुख करेगा. यहां शाम के वक्त एक भव्य रोड शो की योजना बनाई गई है. पीएम मोदी किल्लीपलम जंक्शन से करमना तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग पर जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे.

इस दौरान राजीव चंद्रशेखर और वी. मुरलीधरन जैसे पार्टी के कद्दावर नेता भी उनके साथ मौजूद रह सकते हैं. राजधानी में होने वाले इस रोड शो को लेकर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं और माना जा रहा है कि इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होकर एनडीए की एकजुटता का परिचय देंगे.

पुडुचेरी की लहर को केरल तक लाने की कोशिश

केरल आने से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने पुडुचेरी में एक हाई-प्रोफाइल रोड शो के जरिए एनडीए के अभियान में जान फूंक दी है. पुडुचेरी में जिस तरह की भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला, बीजेपी नेतृत्व को उम्मीद है कि वैसी ही लहर केरल में भी पैदा होगी.

पुडुचेरी में मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के साथ मंच साझा करने के बाद अब पीएम मोदी का पूरा ध्यान केरल की उन सीटों पर है जहां बीजेपी और एनडीए गठबंधन कड़े मुकाबले में नजर आ रहे हैं.

ये भी पढ़ें: मोतिहारी में मौत का तांडव! जहरीली शराब ने ली 5 की जान, 15 की हालत नाजुक; कई ने खोई आंखों की रोशनी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read