Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

कोलकाता नगर निगम चुनाव पर रोक के मामले में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा प्रस्ताव, जानिए क्या है पूरा विवाद

कोलकाता नगर निगम चुनाव और वार्ड परिसीमन विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम प्रस्ताव रखते हुए सुझाव दिया है कि परिसीमन याचिका पर कलकत्ता हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच सुनवाई करे और तब तक चुनाव पर रोक जारी रहे.

Supreme Court Proposes Division Bench Hearing On Kolkata Municipal Corporation Ward Delimitation Seeks Reply By November 30
Edited by Vaibhav Gupta

कोलकाता नगर निगम (KMC) चुनाव और वार्ड परिसीमन से जुड़े विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा है. मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने संकेत दिया कि वह कलकत्ता हाई कोर्ट के उस अंतरिम आदेश पर रोक लगाने के पक्ष में है, जिसमें निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी करने पर रोक लगाई गई थी. हालांकि, शीर्ष अदालत ने यह भी सुझाव दिया कि वार्डों की सीमाओं में बदलाव (परिसीमन) को चुनौती देने वाली लंबित याचिका को हाई कोर्ट के सिंगल जज से हटाकर डिवीजन बेंच के पास भेजा जाए, और जब तक डिवीजन बेंच इस पर अंतिम फैसला न दे दे, तब तक चुनाव प्रक्रिया पर रोक जारी रहे.

30 नवंबर तक केंद्र व आयोग का पक्ष रखने को कहा

सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि अदालत इस प्रस्ताव के माध्यम से मामले के गुण-दोष पर कोई राय नहीं दे रही है, बल्कि इसका मकसद दोनों पक्षों को बराबरी की स्थिति में रखना है. पीठ ने बताया कि विवादित आदेश में उठाए गए तथ्यों और कानूनी पहलुओं को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट नए सिरे से आदेश पारित करना चाहता है.

इस संबंध में कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को निर्देश दिया है कि वे 30 नवंबर तक संबंधित पक्षों से दिशा-निर्देश लेकर अदालत को अवगत कराएं.

राजनीतिक लाभ का लगा आरोप

गौरतलब है कि आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने 11 सितंबर 2026 को कोलकाता नगर निगम के वार्डों के परिसीमन की अधिसूचना जारी की थी. इस योजना के तहत नगर निगम में वार्डों की संख्या को मौजूदा 144 से बढ़ाकर 209 करने का प्रस्ताव है.

इस फैसले को कलकत्ता हाई कोर्ट में यह कहते हुए चुनौती दी गई कि परिसीमन की यह प्रक्रिया निर्वाचित निगम की सिफारिश के बिना प्रशासक के स्तर पर की गई है और इसमें राजनीतिक लाभ के इरादे से सीमाओं का निर्धारण हुआ है. इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने 6 नवंबर को राज्य निर्वाचन आयोग को निर्देश दिया था कि जब तक एकल पीठ का फैसला नहीं आ जाता, तब तक चुनाव की अधिसूचना जारी न की जाए.

यह भी पढ़ें: दिल्ली हाई कोर्ट ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से किया इनकार

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism