Bharat Express DD Free Dish

धूप या कोहरा? उत्तर भारत में रंग बदलता मौसम, जानें अपने शहर का हाल

उत्तर भारत में मौसम ने फिर करवट ली है. पश्चिमी हिमालय में 26 से 28 जनवरी के बीच सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, वहीं दिल्ली, गुरुग्राम, यूपी, पटना और एनसीआर के इलाकों में ठंड, कोहरा और तापमान को लेकर मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है.

Today Weather Update India

उत्तर भारत के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. कहीं राहत की धूप है तो कहीं कड़ाके की ठंड और घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है. इसी बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालय से लेकर मैदानी इलाकों तक के लिए अहम अपडेट जारी किया है, जिसका असर दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार और पहाड़ी राज्यों में साफ तौर पर देखने को मिलेगा.

पश्चिमी हिमालय में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 26 से 28 जनवरी के बीच एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा. इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 27 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है. ऐसे में पहाड़ी इलाकों में सफर करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Delhi Weather: राहत की धूप

दिल्लीवासियों के लिए 25 जनवरी का दिन राहत लेकर आएगा. मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी. अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. सुबह हल्का कोहरा जरूर देखने को मिलेगा, जिससे विजिबिलिटी कुछ समय के लिए कम हो सकती है, लेकिन दिन चढ़ते ही मौसम सुहाना हो जाएगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गणतंत्र दिवस की तैयारियों और रिहर्सल पर मौसम का खास असर नहीं पड़ेगा.

Gurugram Weather: सुबह कोहरा, दोपहर में राहत

गुरुग्राम में भी 25 जनवरी को मौसम लगभग दिल्ली जैसा ही रहेगा. सुबह हल्के से मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता 500 से 800 मीटर तक सीमित रह सकती है. हालांकि 11 बजे के बाद धूप निकलने की उम्मीद है. दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम करीब 9 डिग्री रह सकता है. ठंडी हवाएं चलेंगी, लेकिन बारिश या शीतलहर का कोई अलर्ट नहीं है.

UP: धूप के साथ ठंड बरकरार

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में 25 जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा. दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात में ठंड बनी रहेगी. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री के आसपास रह सकता है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 27 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से 28 जनवरी तक पश्चिमी यूपी और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की संभावना है.

NCR: ठिठुरन बरकरार

नोएडा और गाजियाबाद में हालिया बूंदाबांदी के बाद ठंड और ज्यादा महसूस की जा रही है. 25 जनवरी को यहां मौसम ठंडा लेकिन ज्यादातर शुष्क रहेगा. सुबह हल्का कोहरा हो सकता है. नोएडा में अधिकतम तापमान 21–22 डिग्री और न्यूनतम करीब 9–10 डिग्री रह सकता है, जबकि गाजियाबाद में रात का पारा 6 डिग्री तक गिरने की संभावना है. 27 और 28 जनवरी को यहां फिर से बारिश के आसार हैं.

Patna: कोल्ड डे अलर्ट

बिहार की राजधानी पटना में 25 जनवरी को ठंड सबसे ज्यादा परेशान कर सकती है. मौसम विभाग ने कोल्ड डे जैसी स्थिति की चेतावनी दी है. सुबह घना कोहरा रहेगा और दिन में धूप कमजोर पड़ सकती है. अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. ठंडी पछुआ हवाएं ठिठुरन बढ़ाएंगी. बच्चों और बुजुर्गों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें: सरकार Vs शंकराचार्य: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने CM योगी पर औरंगजेब वाला तंज कसा, योगी बोले- ‘साधु के वेश में कालनेमि’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read