Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

आसमान से बरस रहे अंगारे! दिल्ली में 42 तो यूपी में पारा 45 के पार, भीषण गर्मी के बीच पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट

उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाके भीषण लू की चपेट में हैं, जहां दिल्ली में पारा 42 डिग्री और बुंदेलखंड में 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है. राजस्थान में गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदलना पड़ा है.

Weather Update April 23 Heatwave Alert in Delhi UP Rajasthan vs Rain in Northeast

(प्रतिकात्मक तस्वीर)

Today Weather: आज 23 अप्रैल है और देश के मौसम में इस वक्त ‘आग और पानी’ की जंग छिड़ी हुई है. एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में सूरज आग उगल रहा है, वहीं दूसरी तरफ पहाड़ों पर कुदरत का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक पारा 40 डिग्री के पार जा चुका है, जिससे न केवल दिन की तपिश बढ़ गई है, बल्कि अब लू (Heat Wave) का कहर भी शुरू हो गया है.

दिल्ली-NCR: भट्टी की तरह तप रहे मैदान

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में गर्मी अब ‘टॉर्चर’ का रूप ले चुकी है. आज पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है और मौसम विभाग ने लू का ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया है. आने वाले दो-तीन दिन यानी 24 और 25 अप्रैल को स्थिति और भी गंभीर हो सकती है, जब पारा 44 डिग्री के आंकड़े को छू सकता है.

हालांकि, राहत की एक धुंधली उम्मीद 26 अप्रैल के बाद दिख रही है, जब आसमान में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. फिलहाल तो दोपहर के समय गर्म हवाएं और तीखी धूप ने लोगों का घर से निकलना दूभर कर दिया है.

उत्तर प्रदेश और बिहार: लू का ‘रेड अलर्ट’ और आंधी की आहट

यूपी में अप्रैल के महीने में ही मई-जून जैसी तपिश महसूस हो रही है. बुंदेलखंड के बांदा और झांसी जैसे जिलों में तापमान 45 डिग्री के पास पहुंच चुका है. लखनऊ से लेकर मेरठ तक गर्म पछुआ हवाएं चल रही हैं. प्रशासन ने 26 अप्रैल तक लू की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को दोपहर में घर के अंदर ही रहने की सलाह दी है.

पड़ोसी राज्य बिहार की बात करें तो वहां भी सूरज के तेवर तल्ख हैं. पटना समेत कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार है. हालांकि, बिहार के लिए एक राहत भरी खबर यह है कि आज शाम से मौसम करवट ले सकता है. 24 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.

राजस्थान: बदला स्कूलों का समय

राजस्थान के श्रीगंगानगर और चुरू में पारा 43 डिग्री के पार चला गया है. भीषण गर्मी को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. 27 अप्रैल से कक्षा 8 तक के स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक कर दिया गया है ताकि बच्चों को दोपहर की तपिश से बचाया जा सके. जोधपुर मंडल में आज 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, लेकिन इनसे गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिलने वाली.

पहाड़ों और पूर्वोत्तर में ‘कुदरत का दूसरा चेहरा’

जहां आधा भारत तप रहा है, वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम यू-टर्न लेने वाला है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तराखंड के उत्तरकाशी और चमोली में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी 24 से 28 अप्रैल के बीच रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है.

पूर्वोत्तर भारत (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश) में तो हालात बिल्कुल अलग हैं. वहां भारी बारिश और 60-70 किमी की रफ्तार से चलने वाले तूफान को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है. लगातार बारिश से वहां बिजली गिरने और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है.

मध्य प्रदेश और झारखंड का हाल

मध्य प्रदेश में खजुराहो का तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया है और भोपाल समेत 10 जिलों में लू की चेतावनी है. झारखंड में भी दुमका, धनबाद और बोकारो जैसे जिलों में आज लू का असर रहेगा, लेकिन यहां भी 24 अप्रैल से बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की संभावना जताई गई है.

सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव

मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने को कहा है. दोपहर 12 से 4 बजे के बीच निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें. नींबू पानी, ओआरएस और ताजे फलों का सेवन करते रहें.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या मामले में बड़ा खुलासा: आरोपी ने 40 मिनट में वारदात को दिया अंजाम

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital