Bharat Express DD Free Dish

‘मेरे हाइड्रोजन बम पर EC और मोदी चुप क्यों’: किशनगंज में राहुल गांधी का हमला

बिहार चुनाव के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को किशनगंज में महागठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में रैली की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला.

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को किशनगंज में महागठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में रैली की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा हरियाणा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की तरह बिहार में भी वोट चोरी की योजना बना रही है.

राहुल ने कहा, आपने हरियाणा वाला हाइड्रोजन बम देखा है या नहीं? मैंने इन लोगों की बोलती बंद कर दी है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी और चीफ इलेक्शन कमिश्नर वोट चोरी कर रहे हैं. लेकिन मोदी जी ने एक बार भी नहीं कहा कि राहुल गांधी झूठ बोल रहा है. ये इसलिए नहीं बोलते, क्योंकि हमारे आरोप सही हैं.

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा नेता दो-दो राज्यों में वोट डाल रहे हैं. मोदी और अमित शाह चुनाव नहीं जीतते, वोट चोरी करके जीतते हैं.

मोदी के खून में नफरत, मेरे खून में मोहब्बत

राहुल ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है, एक तरफ आरएसएस और भाजपा की राजनीति है जो समाज को जाति, धर्म और भाषा के आधार पर बांटती है, जबकि कांग्रेस और महागठबंधन जोड़ने की राजनीति करते हैं.

मोदी के खून में नफरत है, मेरे खून में मोहब्बत. मैंने 4 हजार किलोमीटर यात्रा की ताकि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली जा सके.

राहुल ने बेरोजगारी, शिक्षा और पलायन को बिहार का प्रमुख मुद्दा बताया. उन्होंने कहा, ‘बिहार का युवा दूसरे राज्यों में मजदूरी कर रहा है क्योंकि यहां न तो रोजगार है और न शिक्षा की सुविधा. यूनिवर्सिटी बंद हो रही हैं या बेची जा रही हैं.’

रील और इंस्टा 21वीं सदी का नशा

राहुल गांधी ने कहा कि ये लोग अडाणी, अंबानी के लिए काम करते हैं. हम किसान और मजदूरों के लिए काम करते हैं. मोदी युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रहे, बल्कि उन्हें डेटा सस्ता होने और रील बनाने जैसी बातों में उलझा रहे हैं. रील और इंस्टाग्राम 21वीं सदी का नशा है. इससे अंबानी-अडाणी का पैसा बनता है, युवाओं का नहीं.

मोदी-अडाणी-अंबानी का गठजोड़

राहुल ने आरोप लगाया कि अडाणी और अंबानी मोदी का चेहरा इस्तेमाल कर रहे हैं. मोदी जी इनकी मदद करते हैं, आपकी जमीनें इनको देते हैं. बीजेपी के पास बहुत पैसा है. मोदी का चेहरा दिनभर टीवी पर चलता है. पैसा कहा से आ रहा है अडाणी-अंबानी जी से. उनके पास पैसे कहां से आता है आपकी जेब से.

साथ ही राहुल गांधी ने नोटबंदी और जीएसटी को छोटे व्यापारियों और किसानों को खत्म करने की साजिश बताया.

ये भी पढ़ें: Bihar Election 2025: अमित शाह की रैली में बोली सासाराम की जनता, विकास कराने वाली सरकार की कराएंगे सत्ता में वापसी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read