Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

Brazil Flood: ब्राजील में भयंकर बारिश ने मचाई भीषण तबाही, 36 लोगों की हुई मौत

Brazil floods: ब्राजील के दक्षिण-पूर्व के तटीय इलाके में 600 मिलीमीटर (23.62 इंच) से ज्यादा बारिश होने के बाद भयंकर बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 36 लोगों की मौत होने की खबर है. इसके साथ ही सैकड़ों लोग बेघर भी हुए हैं.

Edited by Nitish Pandey

ब्राजील के उत्तरी साओ पाउलो राज्य में बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई है. अधिकारियों ने रविवार को कहा कि हताहतों की संख्या अभी बढ़ सकती है. साओ पाउलो राज्य सरकार ने एक बयान में कहा कि साओ सेबस्टियाओ शहर में 35 लोगों की मौत हुई है जबकि उबातुबा में सात वर्षीय लड़की की मौत की खबर है.

खबरों के अनुसार, साओ सेबस्टियाओ, उबातुबा, इल्हाबेला और बर्टिओगा के शहर सबसे बुरी तरह प्रभावित कुछ इलाकों में शामिल हैं. यहां आपदा के हालात हैं जिसके मद्देनजर कार्निवल उत्सव रद्द कर दिया गया है. वहीं, बचाव दल लापता, घायल और मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं.

साओ सेबेस्टियाओ के महापौर फेलिप ऑगस्टो ने कहा, “हमारे बचाव दल कई स्थानों पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, यह अफरा-तफरी की स्थिति है.” उन्होंने बताया कि भूस्खलन के कारण दर्जनों लोग लागता हैं और 50 से ज्यादा घर ढह गए हैं. ऑगस्टो ने सोशल मीडिया पर शहर में व्यापक तबाही के कई वीडियो पोस्ट किए, जिसमें एक बच्चे को बाढ़ के पानी में डूबी सड़क पर स्थानीय लोगों द्वारा बचाए जाने का वीडियो भी शामिल है.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के मंत्रियों ने चुनाव तारीखों की घोषणा का दबाव डालने के लिए राष्ट्रपति पर निशाना साधा

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइस इनासियो लूला डा सिल्वा ने ट्विटर पर कहा कि वह प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे. साओ पाउलो राज्य सरकार ने एक बयान में कहा कि क्षेत्र में एक दिन में 600 मिलीमीटर (23.6 इंच) से अधिक बारिश हुई है जो इतनी कम अवधि में ब्राजील में अब तक हुई सबसे ज्यादा बारिश है. राज्य सरकार ने कहा कि अकेले बर्टियोगा में इस अवधि के दौरान 687 मिलीमीटर बारिश हुई.

ब्राजील की संघीय सरकार ने बाढ़ पीड़ितों की मदद करने, बुनियादी ढांचे को बहाल करने और पुनर्निर्माण का काम शुरू करने के लिए कई मंत्रालयों को लामबंद किया है. जबकि साओ पाउलो राज्य ने 6 शहरों के लिए 180 दिनों की आपदा की स्थिति घोषित की. लैटिन अमेरिका के सबसे बड़े बंदरगाह सैंटोस पर शनिवार को 55 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रफ्तार से चल रही हवा और एक मीटर से अधिक ऊंची लहरों के कारण काम में बाधा आई.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital