राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘संविधान हत्या दिवस-2025’ कार्यक्रम में आपातकाल की 50वीं बरसी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने 25 जून 1975 की रात को भारतीय लोकतंत्र पर पड़े काले धब्बे को याद करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की तानाशाही मानसिकता और सत्ता के लिए संविधान की हत्या का ज्वलंत उदाहरण है. मुख्यमंत्री ने कहा, “लोकतंत्र का गला घोंटा गया था, अत्याचारों की वो रातें आज भी डराती हैं.”
कांग्रेस द्वारा थोपी गई इमरजेंसी से देश ने जो दंश झेला है, उसे आने वाली पीढियां कभी नहीं भूल सकती हैं।#SamvidhanHatyaDiwas pic.twitter.com/HKZWCqdwYw
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) June 26, 2025
इंदिरा गांधी का फैसला कुर्सी बचाने की साजिश थी
भजनलाल शर्मा ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा उनके चुनाव को रद्द करने और छह वर्षों तक चुनाव लड़ने पर रोक लगाने के बाद उन्होंने संविधान की आत्मा को कुचल दिया. उन्होंने कहा, “सत्ता बचाने के लिए लोकतंत्र का गला घोंट दिया गया. जनता की आवाज़ को जेल की दीवारों में कैद कर दिया गया,”
लोकतंत्र पर चोट- जनसंघ और आरएसएस को दबाया
मुख्यमंत्री ने बताया कि कांग्रेस ने जनसंघ, आरएसएस, एबीवीपी जैसे राष्ट्रवादी संगठनों पर प्रतिबंध लगाया और एक लाख से अधिक लोकतंत्र सेनानियों को जेल में ठूंस दिया. फिर भी, इन संगठनों ने भूमिगत रहकर सत्याग्रह और जागरूकता अभियान चलाकर स्वतंत्रता की लौ जिंदा रखी. “लोकतंत्र को बचाने वालों को आज का भारत नमन करता है,” उन्होंने कहा.
इंदिरा शासन में मौलिक अधिकारों पर प्रहार किया गया
आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और व्यक्तिगत अधिकारों को नष्ट करने के लिए लोकतंत्र विरोधी कानून बनाए गए. जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं को बिना मुकदमा जेल में डाला गया. मुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा, “जाके पांव न फटी बिवाई, वो क्या जाने पीर पराई,” कांग्रेस के वर्तमान नेताओं पर निशाना साधा.
कांग्रेस की तानाशाही आज भी जिंदा: राजस्थान के मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में तानाशाही मानसिकता आज भी कायम है. जहां भी कांग्रेस सत्ता में है, वहां विरोध का दमन, तुष्टिकरण और सत्ता का अहंकार दिखता है. उन्होंने कहा, “जब गांधी परिवार पर जांच की आंच आती है, तब ये ‘लोकतंत्र खतरे में’ का शोर मचाते हैं,”
भाजपा का योगदान: संविधान और बाबा साहब को सम्मान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने संविधान दिवस शुरू किया, बाबा साहब अंबेडकर को भारत रत्न दिलाया और पंचतीर्थ योजना से उनके जीवन स्थलों को सम्मान दिया. उन्होंने जोड़ा, “कांग्रेस केवल संविधान की दुहाई देती है, भाजपा उसे जीती है,”
भाजपा सरकार का जनकल्याण और विपक्ष की बौखलाहट
उन्होंने कहा- भाजपा सरकार जनता के विश्वास और सेवा पर काम कर रही है. गरीब, किसान, युवा और महिलाएं योजनाओं के केंद्र में हैं. विधानसभा, पंचायत और निकाय उपचुनावों में भाजपा की जीत ने इस विश्वास को मजबूत किया है.
लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, कांग्रेस को दिखाया आईना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों को साफा और शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया. इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा ने कांग्रेस को ऐतिहासिक तथ्यों के आईने में दिखाया कि विपक्ष तानाशाही और परिवारवाद से बाहर नहीं निकला, जबकि भाजपा लोकतंत्र और जनसेवा को प्राथमिकता देती है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

