Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

WPL 2023: इंग्लैंड को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाली खिलाड़ी बनी मुंबई इंडियंस की हेड कोच, झूलन- देविका को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

नीता अंबानी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि, मुझे चार्लोट एडवर्ड्स, झूलन गोस्वामी, और देविका पल्शिकर का एमआई वन फैमिली में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है.

WPL 2023

WPL 2023

Edited by Nitish Pandey

WPL 2023: भारत में महिला आईपीएल की तैयारियां तेजी से चल रही है. देश में महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास में जुटी बीसीसीआई हर मुमकिन कोशिश कर रही है. साल 2023  महिला आईपीएल (WPL) का पहला सीजन होगा. इस साल पांच टीमें इस टूर्नामेंट में खेलती दिखेंगी. इनमें गुजरात जाएंट्स, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, लखनऊ वॉरियर्स, और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें शामिल हैं. ऑक्शम में अभी समय है, इस बीच सभी टीमों ने कोचिंग स्टाफ को अपने साथ जोड़ना शुरू कर दिया है. बता दें मुंबई इंडियंस ने वर्ल्ड चैंपियन इंग्लिश खिलाड़ी को अपनी टीम का कोच बनाया है. इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स (Charlotte Edwards) को मुंबई इंडियंस की मुख्य कोच होंगी. वहीं, भारत की दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी टीम मेंटर और बॉलिंग कोच की दोहरी भूमिका में हैं, जबकि देविका पलशिकार को बल्लेबाजी कोच के रूप में साइन किया गया है और तृप्ति चंदगडकर भट्टाचार्य टीम मैनेजर हैं.

मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी का बयान

मुंबई इंडियंस के मालिक रिलायंस इंडस्ट्रीज की निदेशक नीता अंबानी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि, “मुझे चार्लोट एडवर्ड्स, झूलन गोस्वामी, और देविका पलशिकार का एमआई वन फैमिली में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है. खेल में अधिक से अधिक महिलाओं को देखना अद्भुत है. यह भारत में महिलाओं के खेल के लिए एक रोमांचक समय है.”

उन्होंने यह भी कहा, मुझे यकीन है कि चार्लोट के शानदार नेतृत्व के तहत और मेंटर झूलन और हमारे बल्लेबाजी कोच देविका के समर्थन के साथ, हमारी महिला टीम मुंबई इंडियंस की प्रतिष्ठित विरासत को बनाएगी और आगे बढ़ाएगी. मैं अपने कोचों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं और पूरी टीम इस बेहद रोमांचक यात्रा पर आगे बढ़ रही है.

इंग्लैंड की यह दिग्गज बनीं मुंबई इंडियंस की हेड कोच

चार्लोट को व्यापक रूप से महिला क्रिकेट की सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक माना जाता है. 20 साल के लंबे करियर में, उन्होंने 2009 में महिला वनडे और टी20 विश्व कप जीत के लिए इंग्लैंड की कप्तानी की. दाएं हाथ की शानदार बल्लेबाज चार्लोट ने इंग्लैंड के लिए 23 टेस्ट, 191 वनडे और 95 टी20 मैच खेले हैं.

भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बेहद खास हैं झूलन

पद्मश्री और अर्जुन अवार्डी झूलन को सबसे महान गेंदबाजों में से एक माना जाता है. उन्होंने 12 टेस्ट, 204 वनडे और 68 टी20 में भारत का प्रतिनिधित्व किया. सभी प्रारूपों में 355 विकेट लिए, जो महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी गेंदबाज द्वारा सबसे अधिक है. वनडे में, उन्होंने 255 विकेट लिए जो महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एक रिकॉर्ड है. वह महिला क्रिकेट विश्व कप के इतिहास में 43 विकेट लेकर अग्रणी विकेट लेने वाली खिलाड़ी बनी हुई हैं. अभी तक, वह मेंटर के रूप में बंगाल महिला टीम से जुड़ी हुई हैं.

देविका को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

देविका ने 15 एकदिवसीय और एक टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व किया. दाएं हाथ की बल्लेबाज और दाएं हाथ की लेग ब्रेक गेंदबाज के रूप में खेली. वह 2009 से 2012 तक असम महिला टीम की खिलाड़ी और कोच भी थीं. उनका खेल करियर समाप्त होने के बाद पलशिकार 2014 और 2016 के बीच भारत की महिला टीम की सहायक कोच थीं और 2018 एशिया कप जीतने पर बांग्लादेश की सहायक कोच थीं.

भारत में, उन्होंने विभिन्न भारतीय घरेलू टीमों को कोचिंग दी है, और 2022 महिला टी20 चैलेंज के लिए वेलोसिटी की मुख्य कोच थीं, जिसने फाइनल में जगह बनाई. दूसरी ओर, तृप्ति एक पूर्व क्रिकेटर, भारतीय महिला टीम की पूर्व प्रबंधक और एमसीए में पूर्व चयनकर्ता हैं. डब्ल्यूपीएल पहले सीजन में 22 मैच होंगे, इस साल मार्च में खेले जाने की उम्मीद है. कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि खिलाड़ियों की नीलामी 13 फरवरी को होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital