Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

UP News: “बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का हश्र रावण और कंस जैसा होगा”, IIT BHU छेड़छाड़ मामले में बोले CM योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज बलिया जिले के बांसडीह क्षेत्र में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में हिस्सा लिया. वहां उन्होंने महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने वादा किया. जानिए IIT-BHU में हुए कांड पर क्या कुछ बोले?

Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

UP News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित IIT-BHU में एक छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ और कथित तौर पर निर्वस्त्र करने की घटना के बाद से यूपी में सियासत तेज हो गई है. इस मामले को लेकर जहां एक ओर विपक्षी दल लगातार योगी सरकार को घेर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर इस शर्मनाक घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान सामने आया है. शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि, बेटियों की सुरक्षा ‘डबल इंजन सरकार’ की पहली प्राथमिकता है. अगर किसी ने बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की तो उसकी दुर्गति ‘रावण और कंस’ जैसी होगी.

शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ बलिया जिले के बांसडीह क्षेत्र में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे. इस मौके पर सीएम ने जिले में 129 करोड़ रुपये की 35 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. तो वहीं जनता को सम्बोधित करते हुए योगी ने ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ को बेटियों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया. इसी के साथ इस योजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि, ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के तहत हमारी सरकार 51 हजार रुपये दे रही है. इसी के साथ ये भी कहा कि, दीपावली पर हमारी सरकार रसोई गैस का एक सिलिंडर फ्री देगी. इससे प्रदेश की माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति मिलेगी और उनकी आंखों की रोशनी बनी रहेगी.

ये भी पढ़ें- UP News: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर दर्ज हुई FIR, ABVP कार्यकर्ताओं ने लगाए ये आरोप

महिलाओं को दिया जाएगा 33 प्रतिशत आरक्षण

इस मौके पर महिला आरक्षण के बारे में सीएम योगी ने महिलाओं को जानकारी देते हुए कहा कि, 2026 में परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभा चुनाव में देश की महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा. इससे विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं की संख्या बढ़कर एक तिहाई हो जाएगी. इसी के साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हमारी सरकार का लक्ष्य है.

आगे बढ़ रही हैं महिलाएं

यूपी सीएम ने अपने सम्बोधन में कहा कि, प्रदेश के पुलिस बल में 20 फीसदी महिला कार्मिकों की भर्ती को सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया है. इसी के साथ ये भी कहा कि, आने वाले समय में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में भी हम ज्यादातर महिला शिक्षकों को भर्ती करने की कवायद को आगे बढ़ाने जा रहे हैं. महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए यूपी सीएम ने कहा कि, आधी आबादी की सुरक्षा और सम्मान पर किसी भी प्रकार की आंच आए बगैर उन्हें आर्थिक स्वावलंबन की ओर अग्रसर करने के लिए डबल इंजन सरकार लगातार कार्य करती रहेगी. उन्होंने विकास को लेकर कहा कि, अब विकास की कोई सीमा नहीं है, कई विकास परियोजनाएं चल रही हैं.

जानें क्या है मामला?

मालूम हो कि 2 नवंबर को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के परिसर में अपने दोस्त के साथ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-BHU) की एक छात्रा घूम रही थी. इसी दौरान कुछ बदमाशों ने छेड़छाड़ करने के साथ ही उसे कथित तौर पर निर्वस्त्र करने की घटना को अंजाम दिया. इस खबर के सामने आने के बाद पूरे यूपी में हड़कम्प मच गया तो दूसरी ओर घटना के बाद से बीएचयू प्रशासन के खिलाफ परिसर में छात्र-छात्राएं विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं तो इसी बीच इस मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है.

 

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital