Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

जयशंकर ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री से मुलाकात की, व्यापार, प्रौद्योगिकी पर बढ़ते द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में सोमवार शाम को बेल्जियम पहुंचे. उन्होंने बेल्जियम के प्रधानमंत्री से मुलाकात की और कई मुद्दों पर चर्चा भी की.

External Affairs Minister S Jaishankar

विदेश मंत्री एस जयशंकर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री एलेक्जेडर डी क्रू से मुलाकात की और उनके साथ कारोबार एवं प्रौद्योगिकी सहित द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की तथा समकालीन रणनीतिक मुद्दों पर बात की. डॉ. जयशंकर बांग्लादेश, स्वीडन और बेल्जियम की अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में सोमवार शाम को ब्रसेल्स पहुंचे.

जयशंकर ने कहा कि उन्होंने बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से डी क्रू को व्यक्तिगत बधाई दी. बैठक में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा कौशल विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर भी शामिल थे. जयशंकर मंगलवार को होने वाली भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद की पहली बैठक के लिए ब्रसेल्स में हैं.

विदेश मंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘अपने सहयोगियों – पीयूष गोयल और राजीव चंद्रशेखर के साथ बेल्जियम के प्रधानमंत्री एलेक्जेंडर डी क्रू से आज मुलाकात करके खुशी हुई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उन्हें व्यक्तिगत बधाई दी.’ उन्होंने कहा, ‘व्यापार और प्रौद्योगिकी सहित दोनों देशों के बढ़ते द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की. समकालीन रणनीतिक चिंताओं के बारे में भी बात की.’

ये भी पढ़ें- इनोवेटिव इंडिया समिट-2023: “जब अभाव होता है तो आदमी तलाश में होता है कि इसे कौन दूर करे”, बोले भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन उपेंद्र राय

भारतीय मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल ने ईयू आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लेयेन से भी मुलाकात की. बैठक के बाद जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘भारतीय मंत्रियों की टीम के साथ बैठक के लिए ईयू आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लेयेन को धन्यवाद. कारोबार, प्रौद्योगिकी और भूराजनीति पर खुली चर्चा की सराहना करते हैं. भारत-ईयू व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक को लेकर आशान्वित हूं.’

भारत-ईयू व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) की पहली मंत्री स्तरीय बैठक ब्रसेल्स में मंगलवार को होगी. पिछले साल अप्रैल में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष की भारत यात्रा के दौरान उन्होंने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीटीसी की शुरुआत की थी. इसके बाद दोनों पक्षों ने टीटीसी के तहत तीन कार्यकारी समूहों की स्थापना की थी. जयशंकर स्वीडन के तीन दिवसीय दौरे के बाद बेल्जियम पहुंचे, जहां उन्होंने स्टॉकहोम में भारत त्रिपक्षीय फोरम और यूरोपीय संघ हिंद-प्रशांत मंत्री स्तरीय मंच (EIPMF) सहित कई उच्च स्तरीय चर्चाओं में हिस्सा लिया.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital