Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

तीसरे कार्यकाल की पहली विदेश यात्रा पर इटली रवाना हुए PM Narendra Modi, G7 शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली के अपुलिया गए हैं. G7 शिखर सम्मेलन 13-15 जून के बीच अपुलिया (Apulia) क्षेत्र के Borgo Egnazia रिसॉर्ट में आयोजित हो रहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को इटली रवाना हुए. (फोटो: IANS)

PM departs for the G7 summit: भारत में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पहले विदेश दौरे पर रवाना हो गए हैं. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की ओर से उन्हें G7 आउटरीच शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था. उनके बुलावे पर प्रधानमंत्री मोदी आज (13 जून) शाम दिल्ली से एक विशेष विमान के जरिये इटली के लिए रवाना हुए.

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर इटली के अपुलिया जा रहे हैं. वहां 14 जून को G7 आउटरीच का आयोजन होना है. शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक भी होगी.

शिखर सम्मेलन 13-15 जून के बीच अपुलिया (Apulia) क्षेत्र के Borgo Egnazia रिसॉर्ट में आयोजित हो रहा है, जिसमें सात सदस्य देशों – अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, जर्मनी, इटली, जापान और फ्रांस के साथ-साथ यूरोपीय संघ के नेता भी भाग लेंगे.

अहम मुद्दों पर बातचीत का अवसर

विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा, ‘यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी को G7 शिखर सम्मेलन में मौजूद दूसरे विश्व नेताओं के साथ भारत और ग्लोबल साउथ के लिए कई अहम मुद्दों पर बातचीत करने का अवसर प्रदान करेगी.’

यह 11वीं बार होगा जब भारत जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेगा और इसमें प्रधानमंत्री मोदी की लगातार 5वीं भागीदारी होगी.

क्वात्रा ने कहा, ‘भारत शांति, सुरक्षा, विकास और पर्यावरण संरक्षण सहित कई वैश्विक चुनौतियों को हल करने की कोशिश में लगातार काम कर रहा है. जी7 शिखर सम्मेलन में भारत की नियमित भागीदारी साफ तौर पर इन्हीं प्रयासों का नतीजा है.’

प्रधानमंत्री मोदी दौरान कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे. विदेश सचिव क्वात्रा ने कहा कि भारत इस सप्ताह के अंत में स्विट्जरलैंड में आयोजित यूक्रेन ‘शांति शिखर सम्मेलन’ में भी भाग लेगा. उन्होंने कहा, ‘भारत शांति शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेगा. अभी इस पर बातचीत चल रही है और कोई फैसला होने पर जरूर साझा करेंगे.’

जॉर्जिया मेलोनी ने अपुलिया आमंत्रित किया

प्रधानमंत्री मोदी के इटली रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से एक बयान जारी किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- ‘इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर मैं 14 जून 2024 को G7 आउटरीच समिट में भाग लेने के लिए इटली के अपुलिया क्षेत्र की यात्रा पर जा रहा हूं. मुझे खुशी है कि लगातार तीसरे कार्यकाल में मेरी पहली यात्रा G7 समिट के लिए इटली की है.’

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, ‘G7 आउटरीच सेशन में चर्चा के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्य सागर पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. यह भारत की अध्यक्षता में आयोजित G20 शिखर सम्मेलन और आगामी G7 समिट के परिणामों के बीच अधिक तालमेल लाने और वैश्विक दक्षिण के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करने का अवसर होगा. मैं शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले अन्य नेताओं से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं.’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital