Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें: 94 सीटों पर प्रचार थमा क्‍योंकि 7 मई को वोटिंग है, अयोध्या में PM ने किए रामलला के दर्शन

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ी 5 मई की 10 बड़ी खबरें, जिन पर पूरे देश की नजर रही.

Election bulletin

10 बड़ी चुनावी सुर्खियां

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा? कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 5 मई की 10 बड़ी खबरें –

अयोध्या में पीएम ने रामलला के दर्शन किए

लोकसभा चुनाव-2024 के तीसरे चरण के तहत पीएम नरेंद्र मोदी आज उत्‍तर प्रदेश में कई जगहों पर चुनावी रैलियां करने निकले. उन्‍होंने रविवार देर शाम अयोध्या में भगवान रामलला के दर्शन किए. उनकी आरती उतारी. दंडवत प्रणाम किया. मंदिर से निकलकर पीएम ने भाजपा नेताओं संग ‘रामपथ’ पर खुली जीप में रोड शो किया. सड़क के दोनों तरफ जबरदस्त भीड़ मौजूद रहे. अयोध्या से भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह और यूपी के सीएम योगी भी पीएम के साथ रहे. तीनों हाथ में भाजपा का चुनाव चिह्न कमल लिए दिखे.

PM Modi Ram Lalla Lord rama

तीसरे चरण की वोटिंग के लिए 94 सीटों पर चुनाव प्रचार आज थमा

चुनाव आयोग की ओर से बताया गया कि 7 मई यानी मंगलवार को 12 राज्यों की 94 सीटों पर मतदान होगा. लिहाजा, उम्‍मीदवारों का चुनाव प्रचार आज थम गया है. जिन सीटों पर चुनाव होंगे, उनमें गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, मध्य प्रदेश की नौ, छत्तीसगढ़ की सात, असम की चार और गोवा की दो सीट के चुनाव शामिल हैं. मध्यप्रदेश की 9 सीटों के लिए चुनाव के दौरान 3 बड़े दिग्गजों शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह का राजनीतिक भविष्य तय होगा. इस दौरान 1.77 करोड़ से अधिक मतदाता 9 सीट के लिए मैदान में उतरे 127 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 17 वर्षों के बाद विदिशा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका वे पूर्व में कई बार लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. शिवराज का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा से है.

एस जयशंकर बोले- PoK को फिर भारत का हिस्सा बनाएंगे

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आज PoK को एक बार फिर भारत का हिस्सा बताया. उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि पिछली सरकार की अनभिज्ञता के चलते लोग PoK को भूला चुके थे. लेकिन, लोग अब इसे फिर से देश का हिस्सा बनाना चाहते हैं. दरअसल, रविवार (5 मई) को ओडिशा दौरे के वक्त कटक में जयशंकर से पूछा गया कि वो भारत के PoK की योजना के बारे में क्या सोचते हैं? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि PoK भारत का ही हिस्सा है. उन्होंने कहा कि हमारा देश इसे भूला नहीं, सबको पता है कि यहां बाहरियों का कंट्रोल कैसे हुआ. हम PoK को फिर भारत का हिस्सा बनाएंगे.

कांग्रेस नेता बोले- हेमंत करकरे को कसाब ने नहीं मारा था

आज महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता और विधानसभा में नेता विपक्ष विजय नामदेवराव वडेट्‌टीवार ने एक बयान देकर बखेड़ा खड़ा कर दिया. वडेट्‌टीवार ने कहा कि 2008 में हुए मुंबई हमले के दौरान राज्य के ATS प्रमुख हेमंत करकरे को आतंकी अजमल कसाब ने नहीं, बल्कि RSS से जुड़े एक पुलिसवाले ने मारा था. यह आरोप लगाए जाने पर भाजपा ने वडेट्‌टीवार पर पलटवार करते हुए कहा- कांग्रेस ने आतंकियों को क्लीनचिट दे दी, ये शर्मनाक बयान है.

कांग्रेस ने सालों तक हिंदुओं की उपेक्षा की: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक इंटरव्यू में विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उस तुष्टिकरण के आरोप लगाए. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेसी अल्पसंख्यक तुष्टिकरण की अपनी नीति के कारण वर्षों तक हिंदुओं की उपेक्षा करते रहे. सभी नीतियों और पहलों को अल्पसंख्यक तुष्टिकरण के तराजू पर तौला गया. वह सांप्रदायिक हिंसा बिल लेकर आए. उन्होंने मुसलमानों को आरक्षण देने के लिए कई प्रयास किए. उन्होंने हमारे सांस्कृतिक केंद्रों और मंदिर परिसरों के विकास के लिए कुछ नहीं किया. हमारा देश इन बातों को नहीं भूलेगा और कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा.

राहुल गांधी ने सफेद टी-शर्ट पहनने का कारण बताया

कांग्रेस के सिपहसालार राहुल गांधी ने हर वक्त सफेद रंग की टी-शर्ट पहनने की वजह बताई. राहुल ने कहा, “सफेद रंग ट्रांसपेरेंसी और सिम्पलिसिटी दर्शाता है. मैं कपड़ों के बारे में ज्यादा परवाह नहीं करता. मुझे सिंपल कपड़े पहनना पसंद हैं.” राहुल का एक वीडियो कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया है. जिसमें राहुल ने चुनावी कैंपेन और खुद से जुड़े हल्के-फुल्के सवालों के जवाब दिए. वह बोले- मुझे सिंपल कपड़े पसंद हैं, ये रंग ट्रांसपेरेंसी और सिम्पलिसिटी दर्शाता है.

चर्चित चेहरा राधिका खेड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया

कांग्रेस के छत्तीसगढ़ वाले दफ्तर में स्थानीय नेताओं की बदसलूकी से नाराज राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने आज पार्टी से इस्तीफा दे दिया. राधिका खेड़ा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मैं आज अत्यंत पीड़ा के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता त्याग रही हूं और अपने पद से इस्तीफा दे रही हूं. हां मैं लड़की हूं और लड़ सकती हूं, और वही अब मैं कर रहीं हूं. अपने व देशवासियों के न्याय के लिए मैं निरंतर लड़ती रहूंगी.’ बताया जा रहा है कि अब AICC उनके संबंध में फैसला लेगी.

शाह से बंद कमरे में मिले राजा भैया, BJP के साथ होंगे?

बड़े सियासी चेहरों के बीच बेंगलुरु में एक चर्चित मुलाकात हुई. वहां केंद्रीय गृहमंत्री व भाजपा नेता अमित शाह और कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ मिले. दोनों नेताओं ने बंद कमरे में करीब 1 घंटे तक बातचीत की. ‘राजा भैया’ ने अमित शाह से कहा कि मैं मित्रता का धर्म पिछले कई साल से बिना किसी शर्त के निभा रहा हूं. जितना हो सका, मैंने भाजपा की मदद की. दोनों की इस मुलाकात को यूपी में भाजपा से ठाकुर वोटर्स की नाराजगी को जोड़कर भी देखा जा रहा है.

‘राहुल गांधी में कोई आग नहीं है, हिंदू-मुस्लिमों को बांटने की कोशिश’

आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के सिपहसालार राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी में कोई आग नहीं है, लेकिन कांग्रेस चुनावी फायदे के लिए हिंदू-मुस्लिम को बांटने की कोशिश करके आग से जरूर खेल रही है. मैं कहूंगा कि कांग्रेस धार्मिक आधार पर तनाव पैदा करके सामाजिक सौहार्द बिगाड़ रही है. वो मुस्लिमों को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है.

चुनाव आयोग ने दिया आंध्र DGP को हटाने का आदेश

आज चुनाव आयोग ने आंध्र प्रदेश के DGP केवी राजेंद्रनाथ रेड्डी को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दे दिया. इसके अलावा आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि DGP पोस्ट के लिए DG रैंक के तीन अफसरों का पैनल बनाकर भेजें.

— भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital