Bharat Express DD Free Dish

Paris Olympics: Vinesh Phogat को झटका, फाइनल से पहले अयोग्य घोषित — कुश्ती में गोल्ड मेडल की आस टूटी, PM मोदी ने कहा- आप चैंपियनों में चैंपियन हो

हरियाणवी पहलवान विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक से बाहर हो गई हैं. अभी उनको वहां फाइनल के मुकाबले से पहले डिसक्वालीफाई कर दिया गया है. उनमें तय मानक से 100 ग्राम वजन ज्यादा बताया गया है.

Vinesh-Disqualification pm modi

फोटो— पीएम मोदी और पहलवान विनेश फोगाट

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Vinesh Phogat News: पेरिस ओलंपिक में भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को बड़ा झटका लगा है. विनेश को फाइनल मुकाबले से पहले अयोग्य (डिसक्वालीफाई) करार दे दिया गया है. इस वजह से वह अब न केवल फाइनल से बाहर हो गई हैं, बल्कि मेडल से भी चूक गई हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विनेश आज सुबह गोल्ड मेडल के लिए फाइनल मुकाबले से पहले 50 kg वजन को कायम नहीं रख सकीं. वो ओलंपिक में 50 kg वेट कैटेगरी में कुश्ती लड़ रही थीं. कल यानी कि मंगलवार रात को ही विनेश फोगाट ने सेमीफाइनल मैच जीता था. हालांकि, अब उन्हें वहां डिसक्वालीफाई करार देते हुए मुकाबले से बाहर कर दिया गया है.

Vinesh Phogat
पहलवान विनेश फोगाट

विनेश में तय मानक से 100 ग्राम वजन ज्यादा बताया

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक— पेरिस ओलंपिक में जांच-टीम ने विनेश का वजन तय मानक से 100 ग्राम ज्यादा बताया है. कंपीटिशन के रूल्स के मुताबिक, डिसक्वालीफाई करार देने के बाद विनेश फोगाट अब सिल्वर मेडल के भी योग्य नहीं रह जाएंगी.

चुनौतियों का सामना करना आपका स्वभाव: PM मोदी

विनेश को ओलंपिक से झटका लगने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विनेश की सराहना कर उनका हौसला बढ़ाया. पीएम ने ट्वीट कर कहा— “विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं. आज की असफलता दुख देती है. काश! मैं शब्दों में उस निराशा को व्यक्त कर पाता जो मैं अनुभव कर रहा हूँ. मैं यह भी जानता हूँ कि चुनौतियों का सामना करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है. और मजबूत होकर वापस आओ! हम सब आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं.”

PM Modi
पीएम मोदी ने विनेश की हौसला अफजाई की.

‘इस फैसले के खिलाफ अपील भी नहीं कर सकते’

एक्सपर्ट्स का कहना है कि विनेश फोगाट का वजन उनकी कैटगरी 50 kg से सिर्फ 100 ग्राम ज्यादा मिला. और, इसी कारण से उन्हें पेरिस ओलंपिक के फाइनल मुकाबले से बाहर कर दिया गया है. इस फैसले के खिलाफ अब अपील भी नहीं कर सकते हैं. वहीं, दूसरी ओर विनेश को अयोग्य ​घोषित करने की खबरों को भारत में विपक्षी दलों के नेता साजिश बता रहे हैं.

फोटो— आंसू पोंछती विनेश फोगाट

ओलंपिक का बहिष्कार करे भारत सरकार: आप

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा— ये विनेश का नही देश का अपमान है. विनेश पूरी दुनिया में इतिहास रचने जा रही थी, उनको 100 ग्राम ओवरवेट दिखाकर अयोग्य घोषित करना घोर अन्याय है. पूरा देश विनेश के साथ खड़ा है, भारत सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे, अगर बात ना मानी जाए तो ओलंपिक का बहिष्कार करे.

— भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read