Nagpur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को महाराष्ट्र के नागपुर दौरे पर पहुंचे. नागपुरवासियों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया. महिलाओं और बच्चों ने पीएम मोदी पर फूलों की वर्षा की, वहीं युवाओं ने मोबाइल फोन से उनकी खूब तस्वीरें खींची. कई बुजुर्गों ने पीएम मोदी को आर्शीवाद दिया.
नागपुर में हुए भव्य स्वागत के लिए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर सबका आभार व्यक्त किया और एक वीडियो भी साझा किया.
Here are highlights from a very special Nagpur visit! Thankful to the people of Nagpur for the affection. pic.twitter.com/9rKMXi1AXk
— Narendra Modi (@narendramodi) March 30, 2025
बता दें कि आज प्रधानमंत्री मोदी नागपुर के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय केशव कुंज पहुंचे थे, जहां उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और दूसरे सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर (गुरुजी) के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की.
2014 में पीएम बनने के बाद यह मोदी का RSS मुख्यालय पर पहला दौरा था. इससे पहले वह जुलाई 2013 में लोकसभा चुनाव के सिलसिले में नागपुर आए थे.

माधव नेत्रालय के एक्सटेंशन बिल्डिंग की आधारशिला रखी
दौरे के दौरान पीएम मोदी ने RSS के माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर के एक्सटेंशन बिल्डिंग की आधारशिला रखी. इस अवसर पर उन्होंने देश के विकास, युवाओं के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और शिक्षा क्षेत्र में सुधार पर भी बात की.
RSS मुख्यालय में 34 मिनट का प्रेरणादायक भाषण दिया
प्रधानमंत्री मोदी ने RSS मुख्यालय में 34 मिनट का प्रभावशाली भाषण दिया. इसमें उन्होंने भारत के इतिहास, भक्ति आंदोलन और उसमें संतों की भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने संघ के नि:स्वार्थ सेवा कार्यों की सराहना की और कहा, “राष्ट्रीय चेतना के लिए जो विचार 100 साल पहले संघ के रूप में बोया गया, वह आज महान वट वृक्ष के रूप में दुनिया के सामने हैं.”
हम देव से देश, राम से राष्ट्र का मंत्र लेकर चल रहे हैं: मोदी
पीएम मोदी ने युवाओं को सेवा और देशभक्ति के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा, “स्वयंसेवक के लिए सेवा ही जीवन है. हम देव से देश, राम से राष्ट्र का मंत्र लेकर चल रहे हैं.” यह संदेश नागपुर के युवाओं को बेहद पसंद आया और उनके उत्साह को और भी बढ़ाया.
अब देखिए PM मोदी के नागपुर दौरे की तस्वीरें…







इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


