Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें: TMC का वादा- हम 10 सिलेंडर मुफ्त देंगे, EC ने कहा- प्रचार में जाने वाले हेलीकॉप्टर की जानकारी देना जरूरी

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ीं 17 अप्रैल की बड़ी खबरें, जिन पर पूरे देश की नजर रही.

Election bulletin

दिन भर की चुनावी सुर्खियां

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा? कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 17 अप्रैल की 10 बड़ी खबरें-

प्रचार में इस्तेमाल किए जा रहे हेलीकॉप्टर की जानकारी देना जरूरी: EC

चुनाव आयोग ने देश में राजनीतिक दलों से उनके प्रचार में इस्तेमाल किए जाने वाले हेलीकॉप्टर की जानकारी देने को कहा है. हाल ही में मुंबई उपनगर जिले के उप निर्वाचन अधिकारी तेजस सेमल के पत्र में कहा गया कि यात्रा करने से तीन दिन पहले जिला निर्वाचन कार्यालय को यह जानकारी देनी होगी, हालांकि इस अवधि को अब घटाकर 24 घंटे तक दिया गया है. सेमल ने कहा, “हम 17 अप्रैल को एक संशोधित पत्र भेज रहे हैं. उन्हें तीन दिन के बजाय 24 घंटे पहले हमें सूचित करना होगा.”

आयोग के लिए भेजी जाने वाली सूचना में विमान/हेलीकॉप्टर किस प्रकार का है और उनमें यात्रा करने वाले लोगों का विवरण भी शामिल होना चाहिए. उनके प्रस्थान और गंतव्य स्थान का विवरण भी शामिल होना चाहिए. सेमल के पत्र के अनुसार, आदर्श आचार संहिता के तहत यह जानकारी देनी होगी जिसे निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा.

तृणमूल कांग्रेस ने किया लोगों को 10 मुफ्त सिलेंडर देने का वादा

पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया. TMC के घोषणा पत्र में लोगों को 10 मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया गया. पार्टी ने खासतौर पर कहा, ‘हमारा स्टैंड है कि बंगाल में CAA लागू नहीं होगा, NRC और समान नागरिक संहिता (UCC) भी लागू नहीं होने देंगे.’

अमित शाह गुजरात की इस सीट पर लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

भाजपा की ओर से आज बताया गया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 19 अप्रैल को गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे. बता दें कि वह इस लोकसभा सीट से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं. गुजरात में लोकसभा की 26 सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया 19 अप्रैल को ख़त्म हो रही है. 26 लोकसभा सीटों के साथ-साथ पांच विधानसभा सीटों के लिए भी 7 मई को वोट डाले जाएंगे. अगले दिनों नामांकन पत्रों की जांच और 21 अप्रैल को प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे. 2024 लोकसभा चुनावों के तीसरे चरण में देश की कुल 94 लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे.

PM पर अपमानजनक टिप्पणी, झामुमो नेता की गिरफ्तारी की मांग

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर एक झामुमो नेता की गिरफ्तारी की मांग की है. आज भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने एक वीडियो दिखाया था, जिसमें झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य नजरूल इस्लाम को कथित तौर पर यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि चुनाव में 400 सीट जीतने के बजाय प्रधानमंत्री ‘‘400 फुट नीचे दफनाए जाएंगे.’’ विवाद बढ़ने पर सत्तारूढ़ पार्टी झामुमो ने कहा कि वह अपने किसी नेता की ऐसी टिप्पणी का समर्थन नहीं करती और अगर वास्तव में ऐसा बयान दिया गया है तो उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा.

इलेक्टोरल बॉन्ड दुनिया का सबसे बड़ा वसूली रैकेट: राहुल

कांग्रेस के सिपहसालार राहुल गांधी ने आज कई जनसभाओं को संबोधित किया. दोपहर में वह कर्नाटक गए. जहां राहुल गांधी ने कहा- आज देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है. मंड्या में राहुल ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड दुनिया का सबसे बड़ा वसूली रैकेट है. उन्होंने भाजपा पर अवैध तरीके से चंदा जुटाने का आरोप लगाया. साथ ही कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में बोलते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो देश में न्यूनतम मजदूरी 400 रुपए प्रतिदिन कर दी जाएगी.

रोड शो में महिलाओं से बोलीं प्रियंका- अस्सलामु अलैकुम

लोकसभा चुनाव के ऐलान के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपना पहला रोड शो करने सहारनपुर पहुंचीं. बुधवार को उन्होंने यहां यूपी में अपना पहला रोड शो किया. उनके साथ खुली जीप में कांग्रेस के प्रत्याशी इमरान मसूद भी मौजूद रहे. भाषण देते हुए प्रियंका ने कहा- मोदी का ध्यान गरीबों की तरफ नहीं, धन्नासेठों की तरफ है. भाइयों बहनों हमें ये ध्यान रखना होगा.’ प्रियंका इसी तरह भाषण दे रही थीं कि वहां भाषण के दौरान उनकी अजान शुरू हो गई, तो उन्होंने भाषण रोक दिया. वह मुस्लिम महिलाओं से बोलीं- अस्सलामु अलैकुम! कुछ देर बाद उन्होंने रोड शो को पूरा किया.

कंगना रनौत की बोल्ड फोटो कांग्रेस प्रवक्ता ने की शेयर, फंसे

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत भी राजनीति में एंट्री लेकर लोकसभा लड़ रही हैं. उनको भाजपा ने हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है. कंगना से खफा कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने कंगना की बोल्ड फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दीं. जिसके बाद भाजपा ने उसके तीन ट्वीट की शिकायत कर दी. बीजेपी की लीगल सेल ने महिला आयोग में शिकायत की. एमपी बीजेपी लीगल सेल के प्रदेश सह संयोजक अशोक विश्वकर्मा ने आज कांग्रेस के प्रवक्ता अजीत सिंह भदौरिया पर कार्रवाई की मांग की.

चुनाव आयोग ने ‘एक्स’ से कई नेताओं के पोस्ट हटाने को कहा

निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के कारण आज वाईएसआर कांग्रेस, आप, तेदेपा प्रमुख, बिहार के उपमुख्यमंत्री समेत कई नेताओं के पोस्ट हटाने को कहा. आयोग की ओर से इस संबंध में ईमेल के जरिए कहा गया कि सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ द्वारा उक्त पोस्ट को नहीं हटाने पर इसे ‘‘जानबूझकर आचार संहिता के उल्लंघन’’ का मामला माना जाएगा. आयोग ने अपने आदेश में वाईएसआर कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के चुनिंदा पोस्ट हटाने का आदेश दिया है.

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ में 6658 बुजुर्गों एवं दिव्यांगों ने किया मतदान

कर्नाटक की 28 में से 14 लोकसभा सीट के लिए 26 अप्रैल को होने वाले मतदान की तैयारियां जोरों पर हैं और उसी के तहत दक्षिण कन्नड़ जिले में प्रतिदिन 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों एवं दिव्यांगों का उनके घर पहुंच कर मतदान कराया जा रहा है और अब तक कुल 6658 बुजुर्गों एवं दिव्यांगों ने अपना मतदान कर दिया है. दक्षिण कन्नड़ संसदीय क्षेत्र के जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिले के उपायुक्त मुल्लई मुहिलान ने यह जानकारी दी. बताया​ कि जिला निर्वाचन कार्यालय ने 85 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों एवं दिव्यांगों का उनके घरों पर पहुंच कर मतदान कराने का विशेष प्रबंध किया है जिसके तहत प्रतिदिन यहां ऐसे मतदाताओं का गुप्त मतदान कराया जा रहा है.

टिकट न मिलने से नाराज भाजपा सांसद संगन्ना कराडी ने पार्टी छोड़ी

लोकसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने से नाराज कोप्पल सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा सांसद संगन्ना कराडी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया. संवाद सूत्रों के अनुसार, कराडी ने अपना इस्तीफा भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र को सौंपा. अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. दरअसल, इस बार कोप्पल सीट से भाजपा ने डॉ. बसवराज क्यावातूर को मैदान में उतारा है.

— भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital