Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

MP: कमलनाथ और दिग्विजय के बीच क्यों हो रही ‘कपड़ा फाड़’ नोकझोक? क्या चुनाव से पहले कांग्रेस में पड़ गई बड़ी दरार!

Kamal Nath and Digvijay Singh: वैसे तो दोनों नेताओं की तरफ से इस बातचीत को केवल हंसी मजाक का रूप दिया जा रहा है, लेकिन प्रदेश में टिकट बंटवारे पर पार्टी के अंदर सियासी घमासान भी मचा हुआ है.

कमलनाथ और दिग्विजय सिंह

MP Assemble Elections 2023: मध्यप्रदेश के लिए कांग्रेस ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया. इस दौरान पीसीसी चीफ कमलनाथ समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे, लेकिन मंच पर कुछ ऐसा हो गया जिसके बारे में किसी ने नहीं सोचा था. दरअसल प्रदेश में पार्टी की तरफ से पहली सूची जारी होने के बाद पार्टी में अंदरूनी कलह सामने आ रही है. पार्टी के कुछ नेता इसका विरोध कर रहे हैं. इसी को लेकर बीच मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के बीच खुलकर बातचीत सामने होने लगी. इस वार्तालाप के दौरान दोनों के बीच कपड़ा-फाड़ को लेकर बातचीत हुई और मंच पर काफी ठहाके लगे.

वैसे तो दोनों नेताओं की तरफ से इस बातचीत को केवल हंसी मजाक का रूप दिया जा रहा है, लेकिन प्रदेश में टिकट बंटवारे पर पार्टी के अंदर सियासी घमासान भी मचा हुआ है. माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच मंच पर जो बातचीत हुई, उससे दोनों के बीच में सब कुछ ठीक नहीं हैं.

मंच पर हुई सार्वजनिक बातचीत

दरअसल घोषणा पत्र के ऐलान के दौरान पीसीसी चीफ कमलनाथ से पत्रकारों ने दिग्विजय सिंह के कपड़े फाड़ने को लेकर सवाल पूछा था. इस पर कमलनाथ ने कहा कि अगर वो (दिग्विजय) आपकी बात नहीं सुनते तो आप इनके कपड़े फाड़ दीजिएगा. ये सभी बातें कमलनाथ ने मंच पर कही थीं. उनकी इसी बात पर दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ को टोकते हुए कहा कि, एक मिनट, एक मिनट. फॉर्म ए (A) और फॉर्म बी (B) पर हस्ताक्षर किसके होते हैं? पीसीसी चीफ के…तो कपड़े किसके फटने चहिए. आप बताओ.

इसके बाद कमलनाथ ने दिग्विजय की बात सुनकर कहा कि, ”मेरा और दिग्विजय सिंह का संबंध राजनीतिक नहीं है. हंसी-मजाक का है, प्यार का है. मेरा संबंध इनसे बहुत पुराना है. पारिवारिक है.” इसके बाद दिग्विजय दूसरे नेताओं से बात करने लगते हैं तो कमलनाथ उन्हें टोकते हुए कहते हैं. दिग्विजय सुनते रहो…”

बीच मंच पर तू-तू, मैं-मैं

बीच मंच पर इसी तरह दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं चलती रही. वैसे तो दोनों नेताओं के बीच बातचीत काफी हंसी मजाक में चल रही थी. लेकिन दोनों की बातों से साफ लग रहा था कि टिकट बंटवारे को लेकर दोनों के बीच कुछ तो गड़बड़ है.

कहां से शुरू थी कपड़ा-फाड़ की बातचीत

दरअसल प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के बाद कमलनाथ के सामने उन नेताओं के समर्थकों ने विरोध किया था जिनका टिकट काटा गया है. इस पर कमलनाथ ने समर्थकों से कहा था कि वे जाकर दिग्विजय और जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ें. पत्रकारों ने इसी को लेकर कमलनाथ से सवाल किया था. इसके बाद से दोनों के बीच मंच पर ये बातचीत सामने आ गई. दोनों के बीच मजाक-मजाक में हुई इस सियासी बातचीत के अलग-अलग मतलब निकाले जा रहे हैं.

शिवपुरी सीट को लेकर ज्यादा हो रहा बवाल

दरअसल ये पूरी खींचतान प्रदेश की शिवपुरी सीट को लेकर है. पार्टी ने यहां से वरिष्ठ नेता केपी सिंह को टिकट दिया है. वह दिग्विजय सिंह के करीबी माने जातें है. वहीं इसे सीट को लेकर पहले कहा जा रहा था कि यहां से बीजेपी से कांग्रेस में शामिल हुए वीरेंद्र सिंह रघुवंशी को टिकट दिया जाएगा. रघुवंशी को कमलनाथ ने कांग्रेस ज्वाइन कराई थी और टिकट का वादा किया था. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कमलनाथ और दिग्विजय के बीच सब कुछ ठीक नहीं है.

वीडियो वायरल होने पर दिग्विजय ने किया ट्वीट

वहीं कमलनाथ के वायरल वीडियो पर दिग्विजय सिंह ने एक्स पर लिखा कि जब परिवार बड़ा होता है तो सामूहिक सुख और सामूहिक द्वंद दोनों होते हैं. समझदारी यही कहती है कि “बड़े लोग” धैर्यपूर्वक समाधान निकालें. ईश्वर भी उन्हीं का साथ देते हैं जो मन और मेहनत का मेल रखते हैं.

– भारत एक्सप्रेस

 

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital