Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Election Results: हिमाचल की इस सीट पर लगातार 5वीं बार जीते अनुराग ठाकुर, कांग्रेस के रायजादा को दी शिकस्त

भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से जीत मिली है। यहां से वे लगातार पांचवीं बार जीते हैं।

PM Modi anurag Thakur

मोदी सरकार के मंत्री अनुराग ठाकुर।

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को जीत मिली है। वह यहां से लगातार पांचवीं बार जीते हैं। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस उम्मीदवार सतपाल रायजादा को डेढ़ लाख से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी है।

अनुराग ठाकुर ने सोशल मीडिया पर अपनी जीत की जानकारी देते हुए जनता का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”भावुक, हर्षित, गर्वित, मेरे ऊपर लगातार पांचवीं बार विश्वास जताने, मुझे इतना स्नेह, आशीर्वाद और समर्थन देने व ऐतिहासिक विजय के लिए मेरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की देवतुल्य जनता का मैं हृदय की गहराइयों से आभार प्रकट करता हूं। मुझे गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जो मुझ पर विश्वास जताया, मेरे संसदीय क्षेत्र की जनता ने उस विश्वास की डोर को और मजबूत किया है।”

‘आशाओं, आकांक्षाओं व अपने कर्तव्य को पूरा करूंगा’

उन्होंने आगे लिखा, ”यह जीत मेरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता व सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत है। इस बार आशाओं, आकांक्षाओं व अपने कर्तव्य को और ज़िम्मेदारी से पूरा करने का वचन व क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के अपने संकल्प को और प्रगाढ़ करूंगा। मुझे गर्व है कि नरेंद्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूरे देश के साथ देवभूमि हिमाचल व मेरा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र अपनी संपूर्ण भागीदारी निभा रहा है।”

कंगना रनौत भी आगे चल रहीं

अगर हिमाचल प्रदेश की दूसरी लोकसभा सीट मंडी की बात करें तो यहां से भाजपा प्रत्याशी और प्रसिद्ध अभिनेत्री कंगना रनौत भी आगे चल रही हैं। शिमला और कांगड़ा सीटों पर भी भाजपा उम्मीदवार ने बढ़त कायम की हुई है। हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीटों पर सातवें और आखिरी चरण में 1 जून को मतदान हुआ था।

— भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital